• Sat. Apr 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आहूत, विभिन्न योजनाओं की हुई गहन समीक्षा।


सारस न्यूज, किशनगंज।


बुधवार को डीएम तुषार सिंगला की अध्यक्षता में जिला परिषद के सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में विकासात्मक व कल्याणकारी योजनाओं तथा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ व सीओ को निर्देश दिया कि आपसी समन्वय के साथ विकासात्मक और लोककल्याणकारी योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों का सतत अनुश्रवण करें तथा लंबित कार्य को शीघ्र पूर्ण कराएं।
बैठक में डीएम तुषार सिंगला के द्वारा लोक शिकायत, आरटीपीएस समेत सीएम डैश बोर्ड, पीएमओ पोर्टल, सीपी ग्राम पोर्टल पर प्राप्त आवेदन का निष्पादन की गहन समीक्षा की गई।
जिला विकास समन्वय समिति की बैठक में विधि उप समाहर्त्ता के द्वारा उच्च न्यायालय, पटना में दायर वाद में तथ्य विवरणी व शपथ दायर करने की अद्यतन स्थिति से अवगत करवाया गया। विधि प्रशाखा के अंतर्गत विभिन्न न्यायालय में लंबित सभी वादो की समीक्षा में जिलाधिकारी ने विधि उप समाहर्त्ता सहित सम्बंधित कार्यालय प्रधान को निदेशित किया कि वादों के निष्पादन हेतु तथ्य विवरणी आदि ससमय तैयार कर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। साथ ही, सीडब्ल्यूजेसी में तथ्य विवरण तैयार करने में शिथिलता बरतने पर निराशा प्रकट करते हुए डीएम ने न्यायालय में ओथ (शपथ) शीघ्रातिशीघ्र दायर करने का निर्देश दिया।
सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अन्तर्गत सभी प्रकार के सामाजिक सुरक्षा योजना व पेंशन, प्रोत्साहन स्कीम के आवेदनों में प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिया गया। कबीर अंत्येष्टि, अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ आधिकाधिक लाभुको को दिलवाने हेतु सभी बीडीओ को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री वृद्धजन योजना, अंतरजातीय विवाह योजना, जीवन प्रमाणीकरण आदि अन्य सामाजिक सुरक्षा संबद्ध आवेदन के शीघ्रता से निष्पादन का निर्देश दिया गया।
आपूर्ति कार्यों में राशन कार्ड व पीडीएस डीलरों के कार्यों की समीक्षा हुई। डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि नए राशन कार्ड हेतु प्राप्त आवेदन पर आवेदक का भौतिक सत्यापन निश्चित रूप से कराकर राशन कार्ड बनाएं। किसी भी परिस्थिति में लंबित नहीं रखें। अनाज उठाव, वितरण की समीक्षा हुई।
सहकारिता अंतर्गत धान अधिप्राप्ति और पैक्स निर्माण हेतु भूमि चयन की समीक्षा की गई। डीएम ने निर्देश दिया कि भूमि चयन में संबंधित विभाग के पदाधिकारी स्वयं रुचि लेकर सीओ से मिलकर इसे पूर्ण करवाएं।
पीएचईडी की समीक्षा में हर घर नल का जल योजना में अपेक्षाकृत सुधार लाने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग से समन्वय कर वोल्टेज की समस्या के निराकरण का निर्देश दिया गया।
आईसीडीएस के अन्तर्गत संचालित योजनाओं और आंगनबाड़ी केन्द्रों की समीक्षा की गई।भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि अधिग्रहण कर भवन निर्माण मनरेगा या अन्य योजना से कराने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में डीएम के द्वारा जिला शिक्षा विभाग के कार्यों पर चिंता प्रकट करते हुए विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं, पठन पाठन, विद्यालय भवन का सीमांकन कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। अनुपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्पष्टीकरण किया गया। पंचायत राज विभाग के द्वारा किए जा रहे कार्यों के अन्तर्गत सभी पंचायत सरकार भवन व पंचायत भवन में आरटीपीएस काउंटर की व्यवस्था, ग्राम पंचायत विकास योजना का संबंधित इ पोर्टल पर अपलोड किया जाना, पक्की नली गली योजनाओ का अभिलेख संधारण, ऑडिट आदि की समीक्षा हुई। समीक्षा उपरांत लंबित पंचायत सरकार भवन के निर्माण हेतु भूमि चयन शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया।
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की कार्यों की समीक्षा उपरांत डब्लूपीयू निर्माण, मनरेगा के तहत कार्यों, परिवाद के निष्पादन का निर्देश दिया गया।
जिला कल्याण कार्यालय की समीक्षा में सामुदायिक भवन – सह – वर्क शेड निर्माण हेतु लंबित भूमि चयन को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार सहकारिता, पथ निर्माण, लघु सिंचाई, नगर परिषद किशनगंज, सांख्यिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा हुई।
जिला समन्वय समिति की बैठक में उप विकास आयुक्त स्पर्श गुप्ता, अपर समाहर्त्ता अनुज कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अरुण कुमार, एसडीएम लतीफुर्रहमान, डीपीआरओ जफर आलम समेत अन्य सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी बीडीओ, सभी सीओ आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *