• Fri. Mar 27th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सिलीगुड़ी में पति ने पत्नी की हत्या कर जंगल में फेंका, पति गिरफ्तार।

सारस न्यूज, सिलीगुड़ी।

पति ने पत्नी की हत्या कर जंगल में फेंकने का मामला प्रकाश में आया है। यह सनसनीखेज घटना बागडोगरा की है। आरोपी पति से पूछताछ के बाद जंगल से कंकाल बरामद किया गया। मिली जानकारी के अनुसार 13 नवंबर को पति महादेव विश्वास ने अपनी पत्नी सुचित्रा विश्वास को घुमाने के नाम पर ले जाकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। महादेव ने अपनी पत्नी के शव को जंगल में फेंक दिया था ताकि किसी को इस घटना का पता न चले।

घटना के बाद मृतक की बड़ी बहन ने लापता बहन की हत्या की आशंका जताते हुए बहन के पति के खिलाफ बागडोगरा थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर बागडोगरा थाने की पुलिस ने महादेव विश्वास से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को पूरी घटना के बारे में पता चला। घटना के 20 दिन बाद सुचित्रा का कंकाल बरामद हुआ। जिसके बाद महादेव विश्वास को गिरफ्तार किया गया। मृतक की बड़ी बहन ने आरोप लगाते हुए कहा कि महादेव उसकी बहन पर शक करता था। उसने शक के आधार पर अपनी पत्नी को घुमाने के नाम पर ले जाकर मौत के घाट उतार दिया। उन्होंने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। आज अदालत में ले जाते समय आरोपी ने कहा कि उसकी पत्नी उसके बच्चों को पीटती थी। आगे उसने कुछ भी कहने से मना कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *