Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जिले में कालाजार मरीजों की खोज के लिए आशा कार्यकर्ता घर-घर देंगी दस्तक।

राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।

मरीजों की खोज के लिए प्रखंडवार आशा कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण। सभी प्रखंडों में संचालित होगा अभियान, अभियान में शामिल होंगी 360 आशा।

जिले को कालाजार मुक्त बनाने को लेकर विभागीय प्रयास लगातार जारी है। इस कड़ी में कालाजार के संभावित मरीजों की खोज के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाना है। मरीजों की खोज के जिले के कालाजार प्रभावित गांवों में आशा कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देंगी। इस क्रम में रोग संबंधी लक्षण पाए जाने पर जरूरी जांच व समुचित इलाज के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। कालाजार रोगी खोज अभियान की सफलता के लिए चिह्नित प्रखंडों के कुल 360 कार्यकर्ताओं को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

जिले में लगातार कम हो रहे कालाजार के मामले

जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ मंजर आलम जिले में कालाजार संबंधी मामलों में लगातार कमी आ रही है। वर्ष 2022 में जिले में वीएल के 5 व 4 पीकेडीएल के मरीज मिले। वर्ष 2023 में वीएल के 03 व पीकेडीएल के 02 मरीज मिले हैं। 

सभी प्रखड़ो के कुल 360 आशा कर्मी को दिया जाएगा प्रशिक्षण

वेक्टर जनित रोग नियंत्रण सलाहकार अविनाश रॉय ने बताया की रोगी खोज अभियान जिले के सभी प्रखंडों में संचालित किया जाएगा। इसके लिए जिले के किशनगंज ग्रामीण एवं पोठिया प्रहंद के 30 एवं अन्य सभी प्रखंडों के 60 कुल 360 आशा कार्यकर्ताओं को खास तौर पर प्रशिक्षित किया जा रहा है। आशा फैसिलिटेटर आशा द्वारा किए जा रहे कार्यों पर नजर रखेंगी। वहीं संबंधित प्रखंड के वीबीडीसी रोग का सत्यापन करते हुए रोगियों की जरूरी जांच सुनिश्चित कराएंगे। प्रखंड सामुदायिक समन्वयक रोगी खोज अभियान से संबंधित सभी गतिविधियों की मॉनेटरिंग करेंगे। साथ ही इससे संबंधित रिपोर्ट जिला को उपलब्ध कराएंगे।

लक्षणों के आधार पर चिह्नित किए जाएंगे रोगी

सिविल सर्जन डॉ कौशल किशोर ने बताया की अभियान के क्रम में 15 या 15 से अधिक दिनों से बुखार पीड़ित वैसे व्यक्ति जिनका बुखार एंटीबायॉटिक दवा सेवन के बावजूद ठीक नहीं हो रहा हो। उन्हें भूख की कमी व पेट का बड़ा होना जैसे लक्षण, वजन में गिरावट, शरीर पर चकते का निशान वाले मरीजों को चिह्नित कर संबंधित पीएचसी के माध्यम से उनका जरूरी इलाज सुनिश्चित कराया जाएगा। कालाजार को जड़ से खत्म करने की मुहिम जारी- जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ मंजर आलम ने बताया कि जिले में कालाजार के मामलों में निरंतर गिरावट जारी है। जिले को पूरी तरह कालाजार मुक्त बनाने का विभागीय प्रयास जारी है। इसके लिये रोगी खोज अभियान की सफलता महत्वपूर्ण है। इसे लेकर प्रखंडवार आशा कार्यकर्ताओं को जरूरी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर कालाजार के संभावित मरीजों को चिह्नित करेंगी। ताकि जरूरी जांच के उपरांत उनका समुचित इलाज सुनिश्चित कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *