• Sun. Mar 29th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

आगामी 14 व 15 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्थापना दिवस और खगड़ा मेला महोत्सव की तैयारियां प्रारंभ, डीएम ने किया कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, जिला स्थापना दिवस पर विकास मेला होगा आयोजित।

सारस न्यूज, किशनगंज।

रविवार को जिलाधिकारी तुषार सिंगला के द्वारा जिला स्थापना दिवस 2024 और खगड़ा मेला महोत्सव के अवसर पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण स्टेडियम में जाकर किया गया है। जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

विदित हो कि जिला स्थापना दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रम 14 से 15 जनवरी पर ख्याति प्राप्त सितारों की प्रस्तुति होगी। कला, संस्कृति एवम युवा विभाग, बिहार तथा जिलाधिकारी, किशनगंज के निदेशानुसार 15 जनवरी को प्रथम बार खगड़ा मेला महोत्सव का आयोजन हो रहा है। किशनगंज जिला के स्थापना के उपरांत उसके विकास की झलकियां विकास मेला में देखने को मिलेगी। साथ ही,राजा हसन और मोनालिसा के द्वारा संध्या कार्यक्रम में प्रस्तुति होगी। खगड़ा मेला महोत्सव पर श्रद्धा पंडित तथा एहसान कुरैशी के द्वारा सांस्कृतिक संध्या में प्रस्तुति 15 जनवरी को होगी। इसे लेकर जिलेवासियों में काफी उत्साह और उमंग है।

जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने जिलेवासियों से आग्रह किया है कि दो दिवसीय जिला स्थापना दिवस पर खगड़ा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में आपसब अवश्य पधारें और कार्यक्रम की सफलता में योगदान दें। उन्होंने बताया है कि 14 जनवरी को 11 बजे पूर्वाह्न में जिला स्थापना दिवस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। डीएम ने बताया कि खगड़ा स्टेडियम में विकास मेला भी आयोजित होगा, जिसमे विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिलेवासी सादर आमंत्रित हैं।

विदित हो कि इस वर्ष विभागीय निर्देश के आलोक में जिला स्थापना दिवस और खगड़ा मेला महोत्सव का आयोजन क्रमशः 14 जनवरी और 15 जनवरी को जिला प्रशासन के द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम को दिव्य रूप दिया जा रहा है। खगड़ा स्टेडियम में तैयारियां प्रारंभ है। विकास मेला के लिए स्टॉल तैयार किए जायेंगे।कार्यक्रम में आमजन समेत वीआईपी के बैठने की भी उत्कृष्ट व्यवस्था की जा रही है। विशेषकर विद्यालय के बालिकाओं के लिए बैठने की एक अलग दीर्घा सुरक्षित की जा रही है। गणमान्य, विशेष अतिथि, जन प्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए कर्णांकीत दीर्घा उपलब्ध रहेगी। आम जनों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान निर्धारित किए जा रहे है।

जिला स्थापना दिवस पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की तैयारी की जा रही है। दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। रात्रि में पुलिस गश्ती रहेगी ताकि जिला स्थापना दिवस पर प्रस्तुति देर संध्या तक जारी रहे। उन्होंने जिलेवासियों से खगड़ा स्टेडियम में आकर जिला स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का आनंद भयमुक्त और सुरक्षित रूप से उठाने हेतु आग्रह किया है।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान दिन में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए स्थानीय कलाकारों के द्वारा तैयारी की जा रही है। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कलाकार को जिला स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सितारों के साथ मंच साझा करने का भी मौका मिलेगा। दिन में होने वाले कार्यक्रम के लिए कलाकार सूचीबद्ध किए जा चुके है। डीएम ने बताया कि जिला स्थापना दिवस और खगड़ा मेला उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम स्थानीय मेधा को बढ़ावा देने का बड़ा अवसर है। पिछले दिनों जिला मुख्यालय समेत सुदूरवर्ती प्रखंड से भी प्रतिभागी ट्रायल देने जिला मुख्यालय आए हुए थे, जो उनके उत्साह और उमंग को दर्शाता है। उल्लेखनीय है कि शहीद अशफाक उल्ला खां स्टेडियम किशनगंज में व्यापक पैमाने पर 34वें जिला स्थापना दिवस की तैयारियां चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *