Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

केंद्रीय वित्त मंत्रालय, नई दिल्ली के राजस्व विभाग द्वारा आयोजित एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर पद पर परीक्षा क्रैक कर ठाकुरगंज के लाल प्रवीण कुमार गौंड ने राज्य का नाम किया रोशन।


सारस न्यूज, किशनगंज।


प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती। वह अपना मुकाम ढूंढ ही लेती है। ऐसे तमाम उदाहरण हैं जब जमीन से छोटी सी शुरुआत कर प्रतिभाओं ने गगन को छुआ है। ठाकुरगंज में भी ऐसे प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ठाकुरगंज जैसे छोटे से कस्बे से भी होनहार पुरे देश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। ठाकुरगंज में ऐसे ही ईंट भट्टा में मुंशी का काम करने वाले सुनील कुमार गौंड के होनहार बेटे केंद्रीय वित्त मंत्रालय, नई दिल्ली के राजस्व विभाग द्वारा आयोजित एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर पद पर परीक्षा क्रैक कर केंद्रीय वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के प्रशासनिक अधिकारी बन गए हैं। बेटे ने पूरे परिवार सहित राज्य का नाम रोशन किया है। खास बात यह कि उक्त परीक्षा में केवल सात ही रिक्तियों पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय, नई दिल्ली के राजस्व विभाग द्वारा पूरे देश भर के लिए परीक्षा ली गई थी और 7 सीटों में से ठाकुरगंज के लाल ने कमाल कर दिया है।
ठाकुरगंज नगर के गांधीनगर का रहने वाला प्रवीण कुमार गौंड ने घर पर रहकर ही तैयारी की। परीक्षा के लिए 8 से 10 घंटे तक पढ़ाई की जिसमें खुद नोट्स तैयार किए व टेस्ट सीरीज की। इसकी बदौलत उनका चयन केंद्रीय वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के प्रशासनिक अधिकारी (एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर) के रूप में हुआ है। बचपन से माता प्रतिभा देवी एवं पिता सुनील कुमार गौंड को संघर्ष में देखकर उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखा था ताकि समाज की मदद कर सकें।
प्रवीण कुमार गौंड ने मैट्रिक की परीक्षा द्वितीय श्रेणी से प्लस टू ठाकुरगंज उच्च विद्यालय से वर्ष 2015 में उत्तीर्ण की थी। वर्ष 2019 को राजकीय पॉलीटेक्निक छपरा से डिप्लोमा परीक्षा उत्तीर्ण की। उसके बाद वर्ष 2022 को लोकनायक जय प्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी छपरा से बीटेक की परीक्षा उत्तीर्ण किया। उसके बाद एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर की तैयारी शुरू कर दी थी। वर्ष 2023 को प्री एवं मेंस का एग्जाम दिया। उसे क्वालीफाई करने के बाद 2023 में इंटरव्यू हुआ, जिसमें पास होने के बाद रिजल्ट प्रवीण के पक्ष में आया। प्रवीण आईएएस बनना चाहता है। ऐसे में उनकी तैयारी जारी रहेगी।
उनके इस सफलता पर उनकी माता प्रतिभा देवी ने कहा कि घर के सभी लोग प्रवीण का हौसला बढ़ाते रहे और सपोर्ट करते रहे। प्रवीण ने सफलता का श्रेय माता-पिता, दादा परमानंद गौंड, दादी चंदा देवी, चाचा राजू गौंड, ईश्वर और शिक्षक व अपने शुभचिंतकों को दिया है।
वहीं प्रवीण कुमार गौंड की इस सफलता पर पुर्व विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल, मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, पुर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल व प्रमोद कुमार चौधरी, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण कुमार सिंहा, स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि मयंक शांडिल्य, अधिवक्ता कौशल किशोर यादव, वार्ड पार्षद अमित कुमार सिन्हा, आनंद मार्ग प्रचारक संघ के भुक्ति प्रधान सुमन भारती आदि ने हर्ष जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *