सारस न्यूज, किशनगंज।
शनिवार को नगर पंचायत ठाकुरगंज के प्रशासनिक भवन के सभागार में मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल की अध्यक्षता एवं नपं ठाकुरगंज के ईओ कुमार ऋत्विक की उपस्थिति में बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 का 43.50 करोड़ रुपए अनुमानित बजट ध्वनि मत के साथ पारित किया गया। जिसे सभी सदस्यों के सर्वसम्मति से स्वीकृत भी कर लिया गया।
इस संबंध में मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने बताया कि वर्ष 2024-25 का बजट पंचायत की सभी शाखाओं से प्राप्त आँकड़ो जिसमें वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 के माह दिसम्बर तक के वास्तविक आय-व्यय एवं अगले वर्ष अर्थात 2024-25 में संभावित आय-व्यय के ऑकड़ो को संकलित कर तैयार किया गया है। बजट वर्ष 2024-25 के प्रस्तावित बजट में अनुमानित प्रारंभिक शेष में करीब 06.45 करोड़ रूपये तथा करीब 37.05 करोड़ रूपये आय व प्राप्ति का उपबंध किया गया है। यानी कुल 43.50 करोड़ रूपए का बजट निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत ठाकुरगंज के सभी बैंक खाते में उपलब्ध प्रारंभिक शेष एवं वर्ष में प्राप्त होने वाली राशि तथा बजट में दिखाए गए कुल भुगतानों के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत, ठाकुरगंज (किशनगंज) के वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट प्राक्कलन बिहार नगरपालिका लेखा नियमावली 2014 एवं बिहार नगरपालिका बजट प्रारूप के अनुसार तैयार किया गया है। बजट प्रारूप में आय-व्यय शीर्षों को मुख्यतः चार लेखा श्रेणियों राजस्व प्राप्ति, राजस्व व्यय, पूंजीगत प्राप्ति तथा पूंजीगत व्यय में बाँटा गया है।
उन्होंने बताया कि नगर विकास एवम् आवास विभाग के द्वारा किया गए उपायों – बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 में किए गए संसोधन, बिहार नगरपालिका संपत्ति कर (निर्धारण, संग्रहण एवं वसूली) नियमावली, बिहार नगरपालिका कर एवं गैर कर राजस्व वसूली विनियम, बिहार मोबाइल टावर और संबंधित दूरसंचार अवसंरचना नियमावली, विज्ञापन कर एवं शुल्क से संबंधित दिशा-निर्देश, पार्किंग शुल्क से संबंधित दिशा-निर्देश, करों की ऑनलाइन संग्रह की सुविधा, व्यापार अनुज्ञप्ति शुल्क, पन्द्रहवीं वित्त एवं षष्ठम वित्त के संकल्प के अलावे नगर पंचायत के आंतरिक संसाधनों के स्रोतों से भी आय में व्यापक वृद्धि की आशा है। जिससे नगर पंचायत ठाकुरगंज को क्लीन व ग्रीन बनाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। नागरिक सुविधा में बढ़ोत्तरी की जाएगी। यातायात सुविधा की लिए सड़क निर्माण, जल निकासी के लिए नाला का निर्माण आदि कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर का विकास करना ही उनकी प्राथमिकता है। जो विकास छूट गए हैं, उन्हें शीघ्र ही पूरा कराया जाएगा।
इस मौके पर उपमुख्य पार्षद उर्मिला देवी, वार्ड पार्षद दुर्गा गुप्ता, देवाशीष विश्वास, सजन कुमार, दिलीप सिंह, अमित कुमार सिन्हा, कंचन देवी, सुधा देवी, कंचन देवी सहित प्रधान लिपिक मो अजीज व अन्य नपं कर्मी मौजूद थे।