• Thu. Feb 19th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

आज सिलीगुड़ी आएंगी सीएम ममता बनर्जी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बीरबल महतो, सारस न्यूज़, किशनगंज।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश के बाद मची तबाही के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नुकसान का जायजा लेने के लिए उत्तर बंगाल के चार दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। उनके दौरे से ठीक पहले शनिवार को स्थानीय बाघाजतिन पार्क का राज्य के मंत्री व नेताओं ने जायजा लिया। यहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विजया सम्मेलनी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस इस कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। शनिवार को मंत्री अरूप विश्वास, इंद्रनील सेन, सिलीगुड़ी नगर निगम प्रशासनिक बोर्ड के चेयरमैन गौतम देव, तृणमूल कांग्रेस के जिला संयोजक आलोक चक्रवर्ती, निगम बोर्ड के सदस्य रंजन सरकार बाघाजतिन पार्क पहुंचे। इसके अलावा सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर गौरव शर्मा भी यहां पहुंचे हुए थे। मंत्रियों तथा अन्य तृणमूल नेता ने मंच बनाने की तैयारियों को जायजा लिया। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों के साथ भी इनकी बैठक हुई। पुलिस के साथ बैठक में सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को लेकर चर्चा की गई।इसबीच,मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के सभा स्थल से लेकर राज्य मिनी सचिवालय उत्तरकन्या तक सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। यहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने अपने आला अधिकारियों के साथ मिनी सचिवालय उत्तरकन्या का भी जायजा लिया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा के हर पहलुओं की जांच की जा रही है।

दूसरी ओर फूलबाड़ी में उत्तरकन्या के पास ही मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए हैलीपैड बनाया जा रहा है। शुक्रवार को डीसीपी जय टुडू तथा एसीपी सुभेंद्र कुमार ने इसका जायजा लिया। यहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। ऐसे प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के अपने दौरे के दौरान सिलीगुड़ी के अलावा कर्सियांग जाने का कार्यक्रम है। हेलिकॉप्टर का उपयोग वह अपने दौरे के दौरान करेंगी कि नहीं,यह अभी तय नहीं है। लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी की जा रही है। हैलीपैड का निर्माण भी उन्हीें में शामिल है।
तीसरी बार सीएम बनने के बाद पहला दौरा बताते चलें कि भवानीपुर में उप चुनाव में जीत हासिल करने और राज्य की तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार ममता सिलीगुड़ी आ रही हैं। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। ऐसे मुख्यमंत्री सरकारी दौरे पर आ रही हैं,लेकिन इस दौरान वह पार्टी नेताओं के साथ भी बैठक करेंगी। ममता बनर्जी पूरे राज्य में शानदार जीत हासिल कर भले ही तीसरी बार मुख्यमंत्री बन चुकी हैं,लेकिन वास्तविकता यह है कि उत्तर बंगाल में तृणमूल को उस प्रकार की सफलता नहीं मिली है। इसको लेकर मुख्यमंत्री स्वयं भी काफी चिंतित हैं। सूत्रों के अनुसार तृणमूल कांग्रेस के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर उत्तर बंगाल में तृणमूल को मजबूत करने के लिए विशेष योजना पर काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *