सारस न्यूज़, वेब डेस्क।
अरेराज के अंचलाधिकारी (सीओ) उदय प्रताप सिंह के साथ जमीन विवाद की जांच के दौरान गाली-गलौज और हाथापाई की घटना सामने आई है। यह घटना गोबिंदगज थाना के रढिया गांव की है, जहाँ सीओ दो पक्षों के बीच जमीन विवाद की जांच करने गए थे। उनके साथ गोबिंदगज थाना पुलिस भी मौजूद थी। जब सीओ जांच कर रहे थे, तब एक पक्ष उग्र होकर सीओ के साथ गाली-गलौज करने लगा और फिर हाथापाई पर उतर आया। इस दौरान पुलिस कुछ समय तक मूकदर्शक बनी रही। लेकिन बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए सीओ के साथ हाथापाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद, अरेराज सीओ ने एक नामजद और चार-पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। गोबिंदगज थाना अध्यक्ष राजू मिश्र ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।