विजय गुप्ता, सारस न्यूज, गलगलिया।
अपने गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए गलगालिया भातगांव के ग्रामीणों ने अब खुद नशे के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है। नेपाल से ब्राउन शुगर का नशा करने आये युवकों को अब यहाँ के जनप्रतिनिधि व ग्रामीण पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर रहे हैं। पिछले दो दिनों में दर्जन भर नशेड़ियों को पकड़ा गया है। वहीं नशेड़ियों का काउंसिलिंग कर परिजनों को थाना बुलाकर बॉन्ड बनाकर छोड़ा जा रहा है। वहीं पकड़े गए नशेड़ियों को ग्रामीणों द्वारा नशा के खिलाफ जागरूक भी किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत स्थानीय लोगों में समाज सेवी मनोज गिरी, मुरारी सहनी, फिरोज खान, बेदु गोस्वामी, राम निवास राय सहित कई ग्रामीणों ने युवाओं को नशा के दलदल से निकालने में अपनी अहम योगदान दे रहे हैं। नशे के कारोबारियों के ठिकानों पर जाने वाले सभी रास्तों पर ग्रामीण निगेहबानी कर नशेड़ियों को दबोच पुलिस को खबर कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ी डिपो, दरभंगिया टोला सहित कई अन्य जगहों पर कई वर्षों से ब्राउन शुगर की बिक्री हो रही है। हालांकि गलगलिया पुलिस के द्वारा लोगों से सूचना प्राप्त कर लंबे अरसे से क्षेत्र में चल रहे नशे के सौदागर के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए कई धंधेबाज को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा चुका है, जो युवा पीढ़ी के नस्लों को तबाह कर रहा है। वहीं भातगाँव पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि बृजमोहन सिंह उर्फ मुन्ना सिंह द्वारा बताया गया देश का युवा जहां एक तरफ नशे का शिकार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर इन्हें नशे के दल-दल से निकालने वाले एवं नशे से सावधान रहने की प्रेरणा देने वाले भी कम नही हैं। ऐसी ही एक मुहिम हमारे पंचायत के स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों ने चलाया है। क्षेत्र में ब्राउन शुगर नशा के फल-फूल रहे कारोबारियों और नशेड़ियों के खिलाफ छेड़े गए इस अभियान को लेकर उन्होंने ग्रामीणों के इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज की दिशा में अच्छा कदम बताया।
