सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
12 अगस्त 2024 को श्री सुधीर कुमार, महानिरीक्षक, सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी ने 19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज के खटखटी सीमा चौकी में प्रस्तावित भवन निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस अवसर पर श्री स्वर्ण जीत शर्मा, कमांडेंट, 19वीं वाहिनी ने महानिरीक्षक महोदय का स्वागत और अभिनंदन किया।
भूमि पूजन के दौरान महानिरीक्षक ने उपस्थित सभी कार्मिकों को संबोधित किया और खुली सीमा के चलते सजग और सतर्क रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी द्वारा किए गए ड्रोन संचालन का भी अवलोकन किया।

महानिरीक्षक महोदय को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों की जानकारी ली और सीमा पर अवैध गतिविधियों के प्रति सख्त रवैया अपनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने 19वीं वाहिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत भवानीगंज गांव में प्रस्तावित सीमा चौकी की भूमि का निरीक्षण किया और स्थानीय ग्रामवासियों से बातचीत की।
महानिरीक्षक ने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत नामित ग्राम दल्लेगांव का दौरा भी किया, वहां के ग्रामवासियों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि सशस्त्र सीमा बल हमेशा उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
इस कार्यक्रम में श्री अनूप रोबा कछप, द्वितीय कमान अधिकारी, उप कमांडेंट श्री एम. ब्रोजेन सिंह, उप कमांडेंट श्री जगजीत सिंह जेगवार, सहायक कमांडेंट (संचार) श्री सुनील कुमार, और श्री एस. के. पुर्बे, कार्यपालक अभियंता, सीमांत मुख्यालय, सिलीगुड़ी सहित सभी अधिकारी और बल के कार्मिक उपस्थित थे।