सारस न्यूज, बहादुरगंज, किशनगंज।
नगर पंचायत के विकास कार्यों को लेकर बहादुरगंज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधियों की टीम ने नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन से पटना स्थित उनके निवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधि मंडल ने नगर के विकास संबंधी लगभग एक दर्जन प्रस्तावित योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए मंत्री से गुहार लगाई।
इस संबंध में नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि वसीकुर रहमान ने जानकारी देते हुए कहा कि बहादुरगंज नगर के विभिन्न प्रस्तावित योजनाओं को जल्द पूरा कराने की दिशा में नगर विकास मंत्री से अनुरोध किया गया। मंत्री नितिन नवीन ने बारी-बारी से सभी कार्यों को स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया है। मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकुर रहमान ने कहा कि नगर क्षेत्र में प्रस्तावित दो विद्युत चालित शवदाह गृह, कई महत्वपूर्ण नाला एवं सड़क निर्माण सहित लगभग एक दर्जन योजनाओं की स्वीकृति के लिए अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए वे संकल्पित हैं और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। मुलाकात के दौरान टीम में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकुर रहमान, उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीम अंसारी, भाजपा नेता वरुण कुमार सिंह, पार्षद संजय भारती, और सीतुल कुमार सिन्हा शामिल थे।