सारस न्यूज़, अररिया।
आगामी दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित रंजन समेत सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान विधि-व्यवस्था से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की गई। पीपीटी के माध्यम से पूर्व तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई, जिसमें बताया गया कि अररिया अनुमंडल अंतर्गत 115 और फारबिसगंज अनुमंडल अंतर्गत 112 स्थानों पर, कुल 227 स्थानों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं बल की प्रतिनियुक्ति की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित की जाएं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी संबंधित पदाधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी अफवाह का त्वरित खंडन करने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी पूजा पंडाल और विसर्जन जुलूस के लिए लाइसेंस अनिवार्य है, जिसमें सभी शर्तें स्पष्ट रूप से अंकित हों। साथ ही, पूजा के दौरान डीजे के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, और सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यपालक अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिया गया कि पूजा स्थलों के समीप लगे हाई वोल्टेज तारों को लेकर आवश्यक कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने सभी थाना, प्रखंड और अनुमंडल स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। सिविल सर्जन को सभी प्रमुख अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष आकस्मिक दवाओं के साथ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतें और किसी भी छोटी घटना को नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि विसर्जन जुलूस केवल निर्धारित मार्गों पर ही निकले। इसके अलावा, सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के भी निर्देश दिए गए।
इस बैठक में अपर समाहर्ता अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, और सभी थानाध्यक्ष उपस्थित थे।