सारस न्यूज़, अररिया: जिले में कई दिनों से लगातार वर्षा होने के कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि हो रही है, जिससे कई अंचल क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए, जिला पदाधिकारी अररिया श्री अनिल कुमार ने एहतियातन सभी प्रखंडों में जिला स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इसी क्रम में, जिलाधिकारी ने आज जोकीहाट, कुर्साकांटा, सिकटी और पलासी क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रखंड क्षेत्र में उपस्थित रहकर बाढ़ की सतत निगरानी करें और नदियों के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था करें।

जिलाधिकारी ने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागीय पथों का सर्वेक्षण अधीनस्थ अभियंताओं से कराएं और स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर पथों के कटाव सुरक्षा कार्य कराएं, ताकि आवागमन बाधित न हो। कार्यपालक अभियंता, जल निस्सरण प्रमंडल, पूर्णिया को भी अपने अभियंताओं को तटबंधों का निरीक्षण सुरक्षा की दिशा में कार्य करने और संबंधित अंचल अधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारी से लगातार समन्वय बनाते हुए कटाव से संबंधित निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि रेडी वाटर सप्लाई और हेलोजोन टेबलेट की व्यवस्था रखी जाए। अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन क्षेत्रों में वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, उन क्षेत्रों के लोगों को पूर्व से चिन्हित ऊँचे स्थलों पर जाने के लिए प्रेरित किया जाए।
सिविल सर्जन, अररिया सभी अस्पतालों में चौबीस घंटे रोस्टर के अनुसार चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करेंगे, ताकि किसी भी आकस्मिकता की स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। जिला पंचायत राज पदाधिकारी को जिलान्तर्गत सभी पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क बनाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अररिया को निर्देश दिया गया है कि आपातकालीन संचालन केंद्र चौबीस घंटे रोस्टर के अनुसार संचालित रहे। जिलान्तर्गत किसी भी अंचल में बाढ़ को लेकर अगर कोई समस्या हो, तो आपातकालीन संचालन केंद्र के दूरभाष 06453-222309 एवं 9471682459 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, प्रखंड क्षेत्र में आपात स्थिति हेतु एसडीआरएफ टीम की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसके लिए भी आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।