सारस न्यूज़, सिलीगुड़ी।
भक्ति नगर थाने की पुलिस ने एक युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम काजल बर्मन बताया गया है। यह घटना सिलीगुड़ी के 44 नंबर वार्ड अंतर्गत विद्याचक्र कॉलोनी इलाके की है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, काजल बर्मन विद्याचक्र कॉलोनी इलाके में एक किराए के मकान में रहता था। उसी मकान में 26 वर्षीय युवती भी अपने माता-पिता के साथ रहती थी। 3 अक्टूबर, गुरुवार रात को युवती बाथरूम के लिए गई थी, तभी काजल बर्मन ने कथित तौर पर उसे पकड़कर अपने कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
घटना के बाद, पीड़िता के परिवार ने भक्ति नगर थाने में आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार को आरोपी को उसी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।