राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
किशनगंज शहर के तेरापंथ भवन में माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा नवरात्र के पावन मौके पर डांडिया महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। आयोजन की तैयारी महिला मंडल द्वारा कई दिनों से की जा रही थी, जिससे महिलाओं में डांडिया महोत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
डीजे की धुन पर डांडिया महोत्सव में शामिल महिलाएं और युवतियां जमकर थिरकीं। सजी-धजी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कार्यक्रम में शामिल हुईं और सभी ने डांडिया खेला। इस अवसर पर रैंप वॉक का भी आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने अपना जलवा बिखेरा, और सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
महिला मंडल की अध्यक्ष आंचल झावर और सचिव स्नेहा रवि चितलंगिया ने बताया कि हम सभी डांडिया महोत्सव के आयोजन को लेकर काफी उत्साहित हैं और आगे भी हर साल डांडिया महोत्सव का आयोजन महिला मंडल द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई थी, जहां महिलाएं व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आईं।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष स्नेहा पीयूष चितलागिया, उत्तरा चितलागिया, स्वाति मंत्री, स्वाति प्रियदर्शन मंत्री, नितीशा, सीमा, मधु, कृष्णा, शारदा महेश्वरी, सुचिता, रेखा, ललिता, प्रीति लाहोटी, रूबी, पूनम, कविता, अलीशा सहित सैकड़ों महिलाएं और युवतियां मौजूद थीं।