सारस न्यूज़, बहादूरगंज, किशनगंज।
बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत अररिया-गलगलिया मुख्य मार्ग एनएच 327 ई पर लोहागाड़ा बायपास ओवरब्रिज पर एक महिला का शव लावारिस और संदिग्ध अवस्था में रविवार की सुबह पुलिस द्वारा ग्रामीण की सूचना पर बरामद किया गया। मृतका महिला की पहचान रूखसार बेगम (लगभग 30 वर्ष) पिता मो नाजीम, पति साबिर लोहागाड़ा सिंघिया के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल किशनगंज भेजकर अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है।
संवाद भेजे जाने तक एसडीपीओ सदर गौतम कुमार मौके पर पहुँचकर मामले की तफ़तीश में जुट गए हैं। मृतका के शव के संदिग्ध परिस्थिति में बरामद होने और गर्दन पर ज़ख्म के निशान पाए जाने के कारण परिजनों ने पुलिस के समक्ष जघन्य हत्या की आशंका व्यक्त की है।
वहीं जानकार सूत्रों के अनुसार, मृतका की शादी लगभग 6 वर्ष पूर्व लोहागाड़ा सिंघिया निवासी साबिर (पिता इस्लाम) से हुई थी। मृतका के दो संतान भी हैं। हाल ही में वह अपने मायके ताराबाड़ीं थाना गंधर्वडाँगा में रह रही थी।
मृतका की माँ लैतून निशा ने बताया कि उनकी पुत्री रविवार की सुबह अपने पति साबिर के साथ टोटो पर सवार होकर कटहलबारी स्थित एक माइक्रो फाइनेंस बैंक में साप्ताहिक ग्रुप लोन की राशि जमा करने जा रही थी। सुबह 8 बजे के करीब उन्हें सूचना मिली कि उनकी पुत्री रूखसार बेगम का शव लावारिस और संदिग्ध अवस्था में लोहागाड़ा बायपास ओवरब्रिज पर पाया गया है।
इस संदर्भ में एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि मृतका की माँ लैतून निशा की शिकायत पर बहादुरगंज थाना में मृतका के पति और अन्य पर हत्या का मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी पक्ष के खिलाफ अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद से मृतका का पति साबिर फरार है, और पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी है। जल्द ही पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।