सारस न्यूज़, अररिया।
अनिल कुमार, भा.प्र.से., अररिया जिला पदाधिकारी, ने आज रानीगंज प्रखंड के मोहनी पंचायत में समेकित मत्स्य पालन और मखाना उत्पादन के विभिन्न संसाधनों और गतिविधियों का निरीक्षण किया।

मौके पर उपस्थित मत्स्य पालन और मखाना उत्पादक प्रधान बेसरा ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग और प्रोत्साहन से सभी कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की क्षमता, संभावनाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी ली और सजावटी मछलियों के पालन के लिए भी उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से इकाई का दौरा करें और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराएं। इसके बाद जिलाधिकारी ने रानीगंज प्रखंड के पहुंसरा पंचायत के नरसिंहपुर गांव में 1.25 एकड़ में फैली पपीते की खेती का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उत्पादक को बाजार से जोड़ने के साथ-साथ सभी जरूरी सहयोग सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।
