• Fri. Sep 12th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

एशियन हॉकी चैंपियन ट्रॉफी वूमेन गौरव यात्रा का अररिया में भव्य स्वागत और सम्मान समारोह आयोजित।

सारस न्यूज़, अररिया।

एशियन हॉकी चैंपियन ट्रॉफी वूमेन गौरव यात्रा के अररिया जिला पहुंचने पर आज देर शाम टाउन हॉल अररिया में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन अररिया द्वारा गौरव यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। सर्वप्रथम स्कूली छात्राओं ने फूल बरसाकर ट्रॉफी का सम्मान किया, जबकि गायक अमर आनंद ने खेल से जुड़े एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर टीम का उत्साहवर्धन किया।

सम्मान समारोह में टीम द्वारा एशियन हॉकी चैंपियन ट्रॉफी को जिला पदाधिकारी अररिया अनिल कुमार, पुलिस अधीक्षक अररिया अमित रंजन, जिला स्तरीय पदाधिकारी और उपस्थित वरिष्ठ खिलाड़ियों को सौंपा गया। यह ट्रॉफी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा अधिकृत 24 सदस्यीय टीम के साथ बिहार के सभी जिलों में भ्रमण के लिए रवाना की गई है।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वाधान में राजकीय खेल अकादमी-सह-खेल परिसर, राजगीर में एशियन हॉकी चैंपियन ट्रॉफी (महिला) 2024 का आयोजन 11 नवंबर से 20 नवंबर 2024 तक निर्धारित है। इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड सहित कुल 6 देशों की टीमें भाग लेंगी।

इस अवसर पर “पास द बॉल” कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें खिलाड़ियों और अधिकारियों ने हॉकी स्टिक से बॉल पास की। जिला पदाधिकारी अररिया ने खेल भवन अररिया में टीम से परिचय भी लिया। मौके पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री वसीम अहमद, वरीय उप समाहर्ता श्री संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अरविंद कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नितेश कुमार पाठक, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई शंभू कुमार, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *