सारस न्यूज़, ठाकुरगंज।
19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ठाकुरगंज, में दो दिवसीय अंतर वाहिनी कंप्यूटर जागरूकता प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन 8वीं वाहिनी खपरैल के कमांडेंट मितुल कुमार और 19वीं वाहिनी ठाकुरगंज के कमांडेंट स्वर्णजीत शर्मा ने किया।
इस प्रतियोगिता में कुल चार वाहिनियों के प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें 12वीं वाहिनी किशनगंज, 41वीं वाहिनी रानीडंगा, 19वीं वाहिनी ठाकुरगंज और 8वीं वाहिनी खपरैल से आए पुरुष और महिला जवान शामिल थे।
उद्घाटन के दौरान कमांडेंट ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों को कंप्यूटर के प्रति जागरूक बनाना है, जिसमें कंप्यूटर हार्डवेयर, इनपुट और आउटपुट डिवाइस, एमएस वर्ड, माइक्रोसॉफ्ट एक्सेल, पावरपॉइंट, और अन्य अनुप्रयोगों का उपयोग सीखना शामिल है।
कार्यक्रम के समापन पर मितुल कुमार ने विजेताओं को सम्मानित किया और उन्हें आने वाली सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए क्षेत्रीय मुख्यालय की टीम में शामिल होने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर उप कमांडेंट एम ब्रोजेन सिंह, सहायक कमांडेंट (संचार) सुनील कुमार, निरीक्षक विजेंद्र ठाकुर, निरीक्षक (संचार) एन चम्संग बहू, उप निरीक्षक (संचार) कमलेश कुमार और अन्य बलकर्मी उपस्थित थे।