सारस न्यूज़, कोचाधामन, किशनगंज।
प्रखंड के कमलपुर पंचायत के कौआउड़ा गांव में शुक्रवार देर रात आग लगने से दो परिवारों के तीन घर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन इस अग्निकांड में हजारों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। आग में जय नारायण मंडल और संजीत कुमार मंडल के तीन घर जल गए, साथ ही आधा दर्जन मवेशी भी बुरी तरह झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया अबू सलमान मौके पर पहुंचे और आग से हुई क्षति का जायजा लिया। मुखिया अबू सलमान ने अंचल अधिकारी प्रभाष कुमार और राजस्व कर्मचारी रमाकांत झा को घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में पूर्व वार्ड सदस्य नोनी प्रसाद मंडल ने बताया कि शुक्रवार की देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई और लोग तुरंत घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। हालांकि, आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका है। अंचल अधिकारी प्रभाष कुमार ने आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान की जाएगी।