• Tue. Mar 24th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

11वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप फॉर ऑटिज्म में ठाकुरगंज के अभिज्ञान भारद्वाज ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन।

शशि कोशी रोक्का, सारस न्यूज़ किशनगंज।

शनिवार को मध्य प्रदेश के एबीवी सीडीएस, ग्वालियर में आयोजित दो दिवसीय 11वीं राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप फॉर ऑटिज्म में ठाकुरगंज के अभिज्ञान भारद्वाज ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य, किशनगंज जिला, और ठाकुरगंज नगर का नाम रोशन किया। अभिज्ञान ने सॉफ्टबॉल थ्रो में प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी को गौरवान्वित किया।

अभिज्ञान की माता, नीना दास ने बताया कि बचपन से ही उन्हें खेल-कूद में गहरी रुचि थी। अपनी दिव्यांगता को उन्होंने कभी भी अपने सपनों के आड़े नहीं आने दिया। उनकी इस रुचि को देखते हुए तीन वर्ष पूर्व उनका नामांकन रानी लक्ष्मीबाई महिला विकास समिति, सफल विशेष विद्यालय, मुजफ्फरपुर में कराया गया। विद्यालय के मार्गदर्शन में अभिज्ञान ने पहले राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया और अब राष्ट्रीय स्तर पर सॉफ्टबॉल थ्रो में प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक, लालू तुरहा ने बताया कि अभिज्ञान ने अपनी मेहनत और लगन से 16 राज्यों के खिलाड़ियों के बीच यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अभिज्ञान की माता नीना दास और विद्यालय की प्राचार्य उषा कुमारी को दिया, जिन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से मार्गदर्शन कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अभिज्ञान की इस सफलता ने न केवल ठाकुरगंज, बल्कि पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ा दी है। उनकी मेहनत और लगन ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से हर चुनौती को पार किया जा सकता है।

यह उपलब्धि अन्य बच्चों और खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है। अभिज्ञान भारद्वाज की सफलता ने समाज में सकारात्मक संदेश दिया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को नई दिशा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *