• Sat. Sep 13th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण हेतु समन्वय बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन।

सारस न्यूज़, अररिया।

ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के कल्याण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित परमान सभागार में एक समन्वय बैठक-सह-कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, अनिल कुमार ने की।

जिला बाल संरक्षण इकाई, अररिया द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर जिला पदाधिकारी, अन्य अधिकारियों एवं ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने संयुक्त रूप से किया।

समाज में बराबरी और सम्मान का आह्वान

जिला पदाधिकारी ने ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को समाज में सम्मान और बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम के उद्देश्य और योजनाओं की जानकारी

सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, शंभू कुमार रजक ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

पटना से आई ट्रांसजेंडर विषय की विशेषज्ञ, रेशमा प्रसाद ने ट्रांसजेंडर समुदाय की समस्याओं, सरकारी प्रयासों और माननीय न्यायालय के आदेशों पर चर्चा की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को न केवल सम्मान मिलना चाहिए, बल्कि समाज में उनकी स्वीकार्यता भी बढ़नी चाहिए।

उपस्थित अधिकारीगण और सहभागिता

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, रोजी कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया सदर, अनिकेत कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज, सुश्री शैलजा पांडे, सहायक निदेशक (जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग) नितेश कुमार पाठक, जिला कल्याण पदाधिकारी, रामशंकर कुमार, महिला विकास निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी, जागरण कल्याण भारती के संजय कुमार समेत अन्य अधिकारी और प्रतिभागी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *