• Thu. Feb 5th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बहादुरगंज पुलिस ने हत्या मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

सारस न्यूज, बहादुरगंज, किशनगंज,

बीते दिनों हुई हत्या के मामले में बहादुरगंज पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम दोनों आरोपियों को दिघलबैंक प्रखंड के पदमपुर से गिरफ्तार किया और शनिवार को मेडिकल जांच के बाद किशनगंज जेल भेजा।

यह मामला 22 अगस्त 2024 का है, जब बहादुरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहागाड़ा हाट में रिजवान आलम, नौशाद आलम, नदीम सरवर और अन्य लोगों ने अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत अंतर्गत धोबनिया वार्ड नं. 13 निवासी फकीरा शर्मा के पुत्र मेधू कुमार शर्मा (24) के साथ मारपीट की। इस हमले में मेधू को गंभीर आंतरिक चोटें आईं, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक के पिता, फकीरा शर्मा, ने अर्राबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनका पुत्र लोहागाड़ा हाट में बहादुरगंज थाना क्षेत्र के कमाती गांव निवासी मसीर की फर्नीचर दुकान में मजदूरी करता था। मजदूरी के बकाए रुपये नहीं मिलने के कारण मेधू ने दुकान का रोटर पास की दुकान में बेच दिया था। इसी बात को लेकर मसीर के बेटे नदीम सरवर, रिजवान, नौशाद और अन्य लोगों ने मेधू की पिटाई की। गंभीर चोटों के चलते उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और बाद में उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद फकीरा शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर लाश का पोस्टमार्टम करवा कर मामला बहादुरगंज थाने में केस नं. 248/24 के रूप में फॉरवर्ड किया गया। जांच के दौरान, पुलिस ने कांड में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक प्रक्रिया का पालन करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *