सारस न्यूज, अररिया।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन, बुधवार को शहर से सटे कटहारा स्थित प्राइमरी स्कूल में एक होम गार्ड जवान के नशे में धुत्त होकर ड्यूटी करने का मामला सामने आया। पुलिस ने उक्त जवान को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा।
सूत्रों के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर तैनात होम गार्ड जवान नशे में इतना अधिक धुत्त था कि वह उल्टी करने के बाद कुर्सी पर ही लोटपोट हो गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने अनुमंडलीय अस्पताल को एम्बुलेंस भेजने के निर्देश दिए। अस्पताल से पहुंचे ईएमटी (आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन) ने नशे में धुत्त जवान को एम्बुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका परीक्षण एवं उपचार किया।

इसके बाद स्थानीय थाना के अनि अमरेंद्र कुमार सिंह और प्रशिक्षु अनि अमित राज ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचकर होम गार्ड जवान का मेडिकल परीक्षण करवाया। जांच के दौरान उसके शरीर में अल्कोहल की पुष्टि हुई।
होम गार्ड जवान की पहचान
पुलिस के अनुसार, नशे में पाए गए होम गार्ड जवान का नाम धर्मवीर राम (उम्र 38 वर्ष) है, जो सिमराहा थाना क्षेत्र के मिर्जापुर वार्ड संख्या 16 का निवासी है। नशे में धुत्त जवान को अस्पताल ले जाने के दौरान, जैसे ही एम्बुलेंस परीक्षा केंद्र से बाहर निकली, बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मुख्य सड़क पर एकत्र हो गए। वहां मौजूद कई लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया।
थानाध्यक्ष का बयान
इस मामले को लेकर थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राइमरी स्कूल कटहारा में मैट्रिक परीक्षा में ड्यूटी पर तैनात एक होम गार्ड जवान के नशे में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां जांच में अल्कोहल की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि होम गार्ड जवान को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
