प्रतिनिधि, सारस न्यूज़, बहादुरगंज।
बिहार पुलिस सप्ताह के उपलक्ष्य में, बहादुरगंज थाना की पुलिस टीम ने मंगलवार को +2 प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, बहादुरगंज में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान, अंचल पुलिस निरीक्षक कैप्टेन संजय पाण्डेय और अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने छात्रों को साइबर अपराध और नारी सशक्तिकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
अंचल पुलिस निरीक्षक, कैप्टेन संजय पाण्डेय ने बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हर वर्ष पुलिस सप्ताह मनाया जाता है, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित किया जा सके और अपराध पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। इस पहल के तहत, बहादुरगंज थाना की पुलिस टीम ने बच्चों को क्षेत्र में हो रहे साइबर अपराध और ठगी के मामलों से अवगत कराया, और साइबर फ्रॉड से बचने के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिला हेल्प डेस्क प्रभारी पी. एस. आई. सावित्री कुमारी ने नारी सशक्तिकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को नारी सशक्तिकरण के अर्थ और समाज में महिलाओं की भागीदारी की अहमियत समझाई।
अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने छात्रों से कहा कि आज के समय में महिलाओं को घरेलू हिंसा और नारी अत्याचार के खिलाफ सजग रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि बहादुरगंज थाना में महिला हेल्प डेस्क और महिला पुलिस अधिकारी उपलब्ध हैं, जो किसी भी समस्या में उनकी मदद के लिए तत्पर हैं। इसके अलावा, उन्होंने बी. एन. एस. एस. कानून के चैप्टर पांच के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी, जिससे वे महिला अधिकारों के बारे में अधिक समझ सकें।
इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्र के बच्चों और खासकर छात्राओं को अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की कोशिश की।