सारस न्यूज, अररिया।
नगर थाना क्षेत्र के ओमनगर वार्ड संख्या 08 में आपसी विवाद के दौरान हुए झगड़े में धक्का लगने से जमीन पर गिरकर सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी महेश लाल पासवान की मौत हो गई। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है।
घटना का विवरण:
गत शुक्रवार की देर रात एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। 72 वर्षीय सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी महेश लाल पासवान की जान चली गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, पड़ोसी उपेंद्र कुमार सिंह और उनके पुत्र विशाल कुमार सिंह अपने मकान में रह रहे किरायेदार से गाली-गलौज कर रहे थे। शोर-शराबा सुनकर पास में ही रहने वाले महेश लाल पासवान ने विशाल को ऐसा करने से रोका।इस बात से नाराज होकर विशाल ने महेश पासवान को धक्का दे दिया। धक्के से असंतुलित होकर महेश पासवान पास में स्थित पिलर से टकरा गए और उनके सिर में गहरी चोट लग गई। इस हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक महेश लाल पासवान मूल रूप से रानीगंज थाना क्षेत्र के रेहुआ गांव निवासी थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वे ओमनगर में अपना घर बनाकर रहते थे। उनकी मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस की कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शनिवार की सुबह सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि मृतक के परिवार की शिकायत पर आरोपी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित परिजन द्वारा आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।