Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

रामनवमी 2025 को लेकर अररिया में शांति समिति की बैठक आयोजित।

सारस न्यूज, अररिया।

रामनवमी 2025 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला पदाधिकारी अनिल कुमार और पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने की। बैठक में अपर समाहर्ता राज मोहन झा, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, अन्य संबंधित पदाधिकारी, पूजा समिति के सदस्य और माननीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अररिया में सभी त्योहार और पर्व हमेशा भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाते रहे हैं। इसमें शांति समिति और पूजा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने आग्रह किया कि रामनवमी पर्व को भी पूर्व की भांति शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।

विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

बैठक में यह जानकारी दी गई कि रामनवमी पर्व 06 अप्रैल 2025 को मनाया जाएगा। जिले में 139 स्थानों पर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बलों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, 27 गश्ती दल भी सक्रिय रहेंगे। मंदिरों और पूजा पंडालों में अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास के प्रबंध किए जाएंगे। पूजा समितियों को स्वयंसेवकों की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।

जुलूस निकालने के लिए अनुज्ञप्ति लेना अनिवार्य होगा और सभी जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन थाना अध्यक्ष और प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी द्वारा किया जाएगा। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए अनुज्ञप्ति अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा जारी की जाएगी। अश्लील और भड़काऊ गीतों के प्रसारण और डीजे के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *