राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में सभी तकनीकी पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा विभागवार सभी योजनाओं/कार्यों की समीक्षा की गई। इस क्रम में सभी कार्यपालक पदाधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं के दायित्वों, कार्यों और उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।
किशनगंज जिले में आधारभूत संरचना से संबंधित निर्माण कार्यों पर तकनीकी पदाधिकारियों/अभियंताओं ने क्रमवार अपने विभागीय योजनाओं/कार्यों की जानकारी दी।
निर्माण एवं विकास संबंधी प्रमुख बिंदु:
- अवर निबंधन कार्यालय (ठाकुरगंज और बहादुरगंज): पुराने जर्जर भवनों को तोड़कर नए आवास निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। ठाकुरगंज में चाहरदीवारी का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि बहादुरगंज में यह प्रक्रिया इकरारनामा की स्थिति में है। जिलाधिकारी ने शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
- छठ घाट निर्माण कार्य: डुमरिया वार्ड 28 और 30 में प्रगति पर है। इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
- झील विकास: कटारमनी झील और शीतला झील का कार्य प्रारंभ हो चुका है। डुबरा झील का इकरारनामा हो गया है, जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।
- स्ट्रीट लाइट व्यवस्था:
- नगर पंचायत ठाकुरगंज: कुल 1679 स्ट्रीट लाइट्स में से 1605 कार्यरत हैं। शेष 74 में से 9 की मरम्मत पूरी हो चुकी है, बाकी की प्रक्रिया जारी है। 600 नई लाइटों के लिए जल्द टेंडर निकाला जाएगा।
- किशनगंज नगर परिषद क्षेत्र: पूर्व से स्थापित 5272 स्ट्रीट लाइट्स में से 1348 अकार्यरत थीं, जिनमें से 925 की मरम्मत हो चुकी है। शेष की मरम्मत शीघ्र की जाएगी। 4282 नई लाइट्स के अधिष्ठापन हेतु निविदा प्रकाशित की गई है।
- महेशबथना में कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय निर्माण: 520 सीटों वाले विद्यालय हेतु ₹60.46 करोड़ की पुनरीक्षित प्राक्कलन राशि की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। संवेदक को 15.05.2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
- खनन रिपोर्ट और रॉयल्टी भुगतान: शीघ्र निपटान के निर्देश दिए गए।
- हर घर नल का जल योजना: आच्छादित सभी घरों का सर्वे किया जाएगा। हर वार्ड में 20 घरों की जांच तथा योजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उपस्थित पदाधिकारी:
बैठक में एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संदीप कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सह ओएसडी कुंदन कुमार सिंह, एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, अभियंता, एलएइओ, ग्रामीण कार्य विभाग आदि उपस्थित थे।
