सारस न्यूज़, अररिया।
शहर से सटे रामपुर उत्तर पंचायत (वार्ड संख्या-10) में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक संजय राम की बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया।
परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और हर आंख नम हो उठी। मृतक की पत्नी, छोटे-छोटे बच्चे और बूढ़ी मां के विलाप ने हर किसी का दिल दहला दिया। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि परिजनों को ढाढ़स बंधाते नजर आए।

घटना का विवरण:
जानकारी के अनुसार, मृतक संजय राम (पिता: जगीश राम) मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वहीं उसकी पत्नी मधु देवी जीविका दीदी के रूप में कार्यरत हैं और गांव के एक विद्यालय में रसोईया का काम करती हैं।
संजय राम दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था। उसके तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया।
विलाप करते परिजनों का दर्दनाक दृश्य:
मृतक की पत्नी मधु देवी, बच्चे और मां वीणा देवी शव से लिपटकर करुण चीत्कार करते रहे। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।
गांव के मुखिया तनवीर आलम, पैक्स अध्यक्ष जावेद अंसारी, काय्यूम अंसारी, सचिदानंद कुमार, सुरेंद्र कुमार राम, विजय राम, संतोष कुमार दास, राजद नेता प्रोफेसर डॉ. क्रांति कुंवर, दिलीप यादव, लक्की शेख, महेंद्र राम, संजय ठाकुर, विजय ठाकुर सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना देने में लगे रहे।