• Mon. Oct 6th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

अररिया में महिला संवाद ने छुआ 25वां पड़ाव, 22 हजार महिलाओं ने रखी अपनी बात।

सारस न्यूज़, अररिया।

अररिया, 12 मई 2025:
सोमवार को महिला संवाद कार्यक्रम के 25वें दिन अररिया जिले में अलग-अलग 36 स्थानों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है, जिससे वे सशक्त बन सकें और समाज में अपनी भागीदारी और उपस्थिति को मजबूत कर सकें।

महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। लघु फिल्मों और वीडियो के ज़रिए योजनाओं की जानकारी सरल रूप में महिलाओं तक पहुंचाई जा रही है। इसके अलावा, जानकारी से भरपूर पंपलेट और लीफलेट भी कार्यक्रम के दौरान वितरित किए जा रहे हैं ताकि महिलाएं उन्हें पढ़कर लाभ उठा सकें।

इस अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 18 संवाद रथ चलाए जा रहे हैं, जो एलईडी स्क्रीन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तकनीक से लैस हैं। इन रथों के माध्यम से प्रत्येक स्थान पर तीन प्रमुख वीडियो दिखाए जा रहे हैं—एक महिला सशक्तिकरण पर आधारित, दूसरा जीविका समूह की सफलताओं पर और तीसरा बिहार की विकास यात्रा को दर्शाता हुआ वीडियो, जो माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व को रेखांकित करता है।

कार्यक्रम में महिलाओं को न केवल जानकारी दी जा रही है, बल्कि उन्हें खुलकर अपने विचार, समस्याएं और सफलताएं साझा करने का भी मंच मिल रहा है। इन बातचीतों को डिजिटल रूप से दस्तावेजित कर एक विशेष एप में दर्ज किया जा रहा है। अब तक अररिया जिले में आयोजित संवादों के माध्यम से लगभग 22,000 महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं दर्ज कराई हैं, जिनमें रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा जैसी अनेक छोटी-बड़ी अपेक्षाएं शामिल हैं।

महिला संवाद कार्यक्रम धीरे-धीरे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार कर रहा है और उन्हें सामाजिक, आर्थिक और व्यक्तिगत रूप से सशक्त बना रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *