सारस न्यूज, अररिया।
जाम की समस्या से मिलेगी राहत, 88.55 करोड़ की लागत से होगा निर्माण।
फारबिसगंज शहर के सुभाष चौक स्थित रेलवे समपार फाटक संख्या केजे-65 पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम ने आरओबी निर्माण स्थल और आसपास की सड़कों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण दल में अपर समाहर्ता राज मोहन झा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मो. वसीम अहमद, डीसीएलआर अमित कुमार, अवर निबंधन पदाधिकारी कौशल किशोर झा, सीओ ललन कुमार ठाकुर, पुल निर्माण निगम के परियोजना अभियंता जवाहर प्रसाद सहित कई पदाधिकारी शामिल थे। पदाधिकारियों ने भूमि अधिग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की और कनीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान फारबिसगंज के सुभाष चौक पर आरओबी निर्माण की घोषणा की थी। इसके तहत बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल कटिहार द्वारा लगभग 88.55 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि राशि स्वीकृति के बाद निर्माण से पहले की औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। जल्द ही जमीन अधिग्रहण के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस मौके पर भाजपा नेता दिलीप पटेल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।