सारस न्यूज, अररिया।
शनिवार को फारबिसगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन दरभंगा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन का नेतृत्व नगर कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अमितेश कुमार उर्फ गुड्डू ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता स्टेशन चौक पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नीतीश कुमार का पुतला दहन किया।
इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाद अहमद, नगर अध्यक्ष अमितेश कुमार गुड्डू, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार विपक्ष की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है और दमनकारी नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराना इस बात का प्रमाण है कि सरकार मानसिक रूप से असहज हो चुकी है।
लोकतंत्र में संवाद को अपराध घोषित करना दुर्भाग्यपूर्ण – करण पप्पू
वहीं, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव करण कुमार पप्पू ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं, जो एक स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है। लेकिन राज्य सरकार ने छात्रों से संवाद को ही अपराध मान लिया है और एक साजिश के तहत राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा और जेडीयू गठबंधन सरकार घबरा गई है और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से प्रेरित होकर यह कार्रवाई की गई है।
प्रदर्शन में शामिल अन्य प्रमुख नेताओं में प्रखंड अध्यक्ष गुलाब चंद ऋषिदेव, नगर उपाध्यक्ष दिलकश राज, कंचन विश्वास, श्रीकुमार ठाकुर, प्रदीप कर्ण, गौरव गुप्ता, विक्की अंसारी, अमन रजा, बरकत अली, रोहित राज, जितेंद्र मंडल, असलम शेफ, राजू यादव, सुधीर कुमार, दयानंद दास, विनय कुमार सिंह, दौलत कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।
सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र में सरकार की आलोचना और जनता के बीच संवाद करना हर नागरिक का अधिकार है, और अगर ऐसे प्रयासों को रोका गया तो यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी होगी।