सारस न्यूज, वेब डेस्क।
बिहार में भ्रष्टाचारियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। राज्य की विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो सरकारी अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है।
पहली बड़ी गिरफ्तारी अररिया जिले से हुई, जहां रानीगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और उनके साथ अकाउंटेंट आदित्य प्रियदर्शी को 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। विशेष निगरानी इकाई की टीम ने इन दोनों अधिकारियों को रानीगंज प्रखंड कार्यालय में छापेमारी कर गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई उस समय की गई जब शिकायतकर्ता कलानंद सिंह नामक व्यक्ति ने SVU को सूचना दी थी कि बिल भुगतान की स्वीकृति के बदले BDO और उनके अकाउंटेंट द्वारा 1.50 लाख रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद SVU ने जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को रिश्वत की रकम लेते समय धर दबोचा।
वहीं दूसरी कार्रवाई में एक अन्य जिले में कार्यरत सहायक अवर निरीक्षक (ASI) को भी रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। हालांकि इस अधिकारी की पहचान और घटना की विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी गई है, लेकिन SVU सूत्रों के अनुसार, उसके खिलाफ भी पहले से शिकायत दर्ज थी।
विशेष निगरानी इकाई की इन कार्रवाइयों से साफ हो गया है कि राज्य सरकार अब भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। लगातार मिल रही शिकायतों और जनता में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए SVU ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
इन घटनाओं ने सरकारी दफ्तरों में मची गड़बड़ियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है, जहां बिना घूस के काम नहीं हो पा रहे थे। अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस अभियान को और कितना आगे बढ़ाती है और भ्रष्टाचारियों पर क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं।