• Fri. Oct 3rd, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

जो हमारी बातें सुनेगा, उसे आने वाले चुनाव में वोट देकर जिताएंगे – रसोइया यूनियन।

सारस न्यूज, अररिया।


बिहार राज्य मिड डे मील वर्कर रसोइया यूनियन, संबद्ध सीटू, अररिया जिला का जिलास्तरीय कार्यक्रम संघ की साथी सावो खातुन व पुलकित यादव की संयुक्त अध्यक्षता में नेताजी सुभाष स्टेडियम परिसर में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम पहलगाम में आतंकवादी हमले में शहीद हुए पर्यटक व पाकिस्तान के साथ हुए एयर स्ट्राइक में शहीद हुए सैनिकों को 1 मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिलास्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन के बिहार राज्य अध्यक्ष विनोद कुमार के संबोधन से हुई। राज्य अध्यक्ष विनोद कुमार ने बिहार में रसोइयों की दुर्दशा व हालात पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 11 वर्षों से रसोइयों को एक रुपये भी नहीं दिया। बिहार के मुख्यमंत्री ने रसोइयों से वादा किया था कि मानदेय वेतन में वृद्धि करेंगे, लेकिन उन्होंने वादा खिलाफी की। अब तक राशि नहीं बढ़ाई गई। रसोइयों की हालत बहुत ही खराब हो गई है। 4 से 5 महीने का मानदेय वेतन लंबित रखा जा रहा है।

इस कार्यक्रम में 25 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया। नवनिर्वाचित जिला कमेटी के द्वारा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम 11 सूत्री मांग पत्र मध्यान्ह भोजन के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के समक्ष समर्पित किया गया।

सीटू के राम विनय राय ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार व बिहार सरकार रसोइयों के श्रम का शोषण कर रही हैं। रसोइयों को महीने का 1650 रुपये, वह भी साल के मात्र 10 महीने का मानदेय, श्रम कानून का उल्लंघन है। उन्होंने सभी साथियों से आह्वान किया कि आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू-भाजपा गठबंधन सरकार को उखाड़ फेंकना है। जो हमारी बातें सुनेगा, उसे अपना वोट देकर जिताना है।

मौके पर प्रमोद सिंह, रोहित कुमार, चंद्रशेखर पासवान, अजीत पासवान, राजु रिषिदेव, बिंदेश्वरी यादव, श्यामदेव राय, सलीम खान, योगेंद्र ततमा, रुकसार, फुलबानो सहित अन्य वक्ताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *