सारस न्यूज, अररिया।
महिला संवाद कार्यक्रम अररिया जिले में लगातार जारी है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी बहुत ही आशा और उत्साह के साथ हो रही है। इस कार्यक्रम में महिलाएं भाग लेकर अपनी समस्याओं को भी रखती हैं, जिनका समाधान भी धीरे-धीरे होने लगा है। इसी कारण यह कार्यक्रम दिन-ब-दिन लोकप्रिय होता जा रहा है।
महिला संवाद के 45वें दिन, रविवार को यह कार्यक्रम 36 स्थानों पर संपन्न हुआ, जिसे 18 संवाद रथों की मदद से पूरा किया गया। हर दिन ये 18 रथ दो पालियों में कार्यक्रम को संपन्न कराते हैं, जिससे एक दिन में 36 स्थानों पर यह कार्यक्रम संभव हो पा रहा है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं भाग ले रही हैं। रविवार को सभी 36 स्थानों को मिलाकर करीब 7089 महिलाओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाली महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं भी प्रकट कीं। उन्हें अब यह विश्वास होने लगा है कि उनकी कही गई बातों को गंभीरता से लिया जा रहा है। इन बातों को मोबाइल ऐप पर भी दर्ज किया जा रहा है, और उनका समाधान क्रमशः किया जा रहा है। इससे महिलाओं में उत्साह बढ़ा है, और वे आगे आकर बेबाकी से अपनी बात रख रही हैं।
महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को तीन लघु फिल्में भी दिखाई जाती हैं, जो सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण से संबंधित होती हैं। इसके अतिरिक्त, उन्हें रंगीन लीफलेट भी दिए जाते हैं, जिनमें योजनाओं की जानकारी विस्तार से मुद्रित होती है। इन्हें पढ़ने और समझने के बाद महिलाओं में जागरूकता आ रही है, और वे इन योजनाओं के बारे में जानने लगी हैं। इससे उनका सशक्तिकरण हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान महिलाएं अपनी आकांक्षाएं भी प्रकट करती हैं।
रविवार को हुए कार्यक्रम में महिलाओं ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और इसके लिए उचित एवं प्रभावी कदम तत्काल उठाने की मांग की।