Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

‘माई बहिन मान योजना’ के तहत सैकड़ों महिलाओं का हुआ रजिस्ट्रेशन, कांग्रेस नेत्री काजल गुप्ता ने किया नेतृत्व।

सारस न्यूज़, अररिया।

फारबिसगंज: फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 स्थित पोखर बस्ती में बुधवार को ‘माई बहिन मान योजना’ के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई वार्ड पार्षद एवं कांग्रेस नेत्री काजल गुप्ता ने की।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की सैकड़ों महिलाओं ने इस महत्वाकांक्षी योजना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पंजीकरण करवाया। इस मौके पर नेत्री काजल गुप्ता ने कहा कि वे फारबिसगंज विधानसभा के प्रत्येक पंचायत, नगर क्षेत्र और बस्ती-वार्ड में जाकर महिलाओं को योजना की जानकारी दे रही हैं और उनका नामांकन करवा रही हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इस जनकल्याणकारी योजना से लाभान्वित हो सकें।

उन्होंने आगे कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, और कांग्रेस पार्टी इसके माध्यम से हर वर्ग तक पहुंचने का कार्य कर रही है।

इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष शाद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिन्हा, संजीव शेखर, कंचन विश्वास, दिलीप पासवान, शंकर प्रसाद साह, प्रदीप कर्ण, अंजर, राजू यादव समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी नेताओं ने महिलाओं को योजना से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी और कांग्रेस के दृष्टिकोण को साझा किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित थीं, जिन्होंने उत्साहपूर्वक योजना के बारे में जाना और अपनी सहभागिता सुनिश्चित की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *