• Thu. Sep 11th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज के पथरिया गांव में किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए शिवशक्ति एग्री टेक लिमिटेड, भागलपुर की टीम ने चलाया जागरूकता अभियान।

सारस न्यूज, किशनगंज।


ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पथरिया गांव में रविवार को एक किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य स्थानीय किसानों को जैविक खेती के प्रति जागरूक करना था। इस संगोष्ठी का आयोजन शिवशक्ति एग्री टेक लिमिटेड, भागलपुर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति देखी गई, जो खेती के परंपरागत तरीकों से हटकर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल विधियों को अपनाने के प्रति उत्सुक दिखे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एग्रीकल्चर ऑफिसर मुकेश राय थे, जिन्होंने जैविक खेती के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जैविक खेती न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि इससे उपज की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। साथ ही, रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता में गिरावट आती है और यह लंबे समय में खेती के लिए नुकसानदायक सिद्ध हो सकता है।

मुकेश राय ने किसानों को समझाया कि जैविक खेती के माध्यम से वे अपनी फसलों को बाजार में बेहतर कीमत पर बेच सकते हैं, क्योंकि जैविक उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को इमारती लकड़ियों जैसे सागवान और महोगनी के वृक्षारोपण के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इन वृक्षों का पौधारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है और दीर्घकालीन आमदनी का स्रोत भी बन सकता है।

संगोष्ठी के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी कई समस्याएं भी रखीं, जिनका समाधान मुकेश राय ने विस्तार से किया। उन्होंने किसानों को समय-समय पर मिट्टी परीक्षण, जल प्रबंधन, और कीट नियंत्रण जैसे उपायों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के अंत में किसानों ने जैविक खेती को अपनाने की इच्छा व्यक्त की और ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की निरंतरता की मांग की। यह संगोष्ठी किसानों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *