सारस न्यूज, वेब डेस्क।
बिहार के अररिया जिले में कानून व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नरपतगंज प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा बाजार में शनिवार की शाम एक युवक को बाइक चोरी के संदेह में भीड़ ने बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान निजी क्लीनिक में दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय पप्पू ठाकुर के रूप में हुई है, जो पोसदाहा पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी स्वर्गीय महंती ठाकुर का बेटा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, पप्पू ठाकुर पर पलासी इलाके के एक ढाबे से बाइक चोरी करने का आरोप लगाया गया था।
पप्पू की पत्नी, अनिता देवी ने आरोप लगाते हुए बताया कि पलासी निवासी दो युवक – दीपक कुमार और पप्पू यादव – उनके पति को चोरी के आरोप में जबरन घर से उठाकर ले गए थे। इसके बाद फुलकाहा बाजार में उनकी बेरहमी से पिटाई की गई।
अनिता देवी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है और भीड़तंत्र पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।