Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सेवा पर्व पर समाहरणालय प्रांगण में वृक्षारोपण, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मिली नई गति।

सारस न्यूज, किशनगंज।


सेवा पर्व के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक पहल करते हुए आज समाहरणालय, किशनगंज परिसर में राष्ट्रीय वृक्षारोपण अभियान के तहत एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री स्पर्श गुप्ता (IAS), अपर समाहर्ता श्री अमरेन्द्र कुमार पंकज, वन क्षेत्र पदाधिकारी श्री अंशुमन कुमार, जिला प्रशासन और वन विभाग के अन्य पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

भारत सरकार एवं बिहार सरकार के संयुक्त निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक “सेवा पर्व” के रूप में विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इस दौरान जिलेभर में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत 10,000 से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम की विशेष बात रही “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, जिसके माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल देगी, बल्कि नागरिकों में भावनात्मक जुड़ाव भी उत्पन्न करेगी।

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरित विरासत छोड़ने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *