• Wed. Dec 10th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

भास्कर महोत्सव में गूंजा ‘गो वोट’ का संदेश — किशनगंज ने लिया रिकॉर्ड मतदान का संकल्प।

सारस न्यूज़, वेब डेस्क।

खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में आज भव्य भास्कर महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस वर्ष यह आयोजन खास रहा क्योंकि इसे SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) मतदाता जागरूकता अभियान से जोड़ा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री विशाल राज और पुलिस अधीक्षक श्री सागर कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना था। महोत्सव में खेलकूद से जुड़े प्रतिभागियों, स्काउट एंड गाइड, जीविका दीदी, आशा कार्यकर्ता और बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “GO VOTE” मानव श्रृंखला रही, जिसमें सैकड़ों बच्चों और स्वयंसेवकों ने भाग लेकर मतदान के महत्व का संदेश दिया। “पहले मतदान, फिर जलपान” और “हर वोट, लोकतंत्र की ताकत” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। साथ ही नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और नारा लेखन जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से मतदाता जागरूकता को रचनात्मक रूप दिया गया।

जिलाधिकारी श्री विशाल राज ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों—महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों—से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री सागर कुमार ने कहा कि प्रशासन भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।



SVEEP अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए गए जिनमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मानव श्रृंखला, जागरूकता रैली और घर-घर जाकर मतदाता संवाद शामिल थे। जीविका दीदी और आशा कार्यकर्ताओं ने लोगों तक मतदान का संदेश पहुँचाया, जबकि स्काउट-गाइड के युवाओं ने लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि मतदान के लिए EPIC (मतदाता पहचान पत्र) के साथ-साथ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृत 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों में से कोई एक प्रस्तुत किया जा सकता है, जिनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड आदि शामिल हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी मतदाता को पहचान पत्र की कमी के कारण मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष सुविधाएँ दी जाएँगी।

भास्कर महोत्सव इस वर्ष केवल सांस्कृतिक आयोजन न रहकर लोकतांत्रिक जागरूकता का प्रतीक बन गया। किशनगंज जिले ने 11 नवम्बर 2025 को रिकॉर्ड मतदान का संकल्प लिया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश दिया।

By Hasrat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *