Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गोपाल कुमार अग्रवाल की जीत से क्षेत्र में उत्सव का माहौल — सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर प्राथमिकता से काम करने की जताई उम्मीद।

ठकुरगंज में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने 20 साल बाद जीत हासिल की है।
इस जीत के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। दो दशकों के बाद मिली इस सफलता से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और वे जश्न मना रहे हैं।

विजय गुप्ता, सारस न्यूज, गलगालिया।

ठकुरगंज विधानसभा का चुनाव परिणाम घोषित होते ही एनडीए गठबंधन समर्थित जदयू उम्मीदवार श्री गोपाल कुमार अग्रवाल की जीत से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
परिणाम की आधिकारिक घोषणा के साथ ही एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। खुशी से झूमते कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी और जीत पर हर्ष व्यक्त किया। ठकुरगंज, गलगलिया, चुरली, बेसरबाटी सहित अन्य गांवों में माहौल पूरी तरह उल्लासपूर्ण रहा।
समर्थकों ने जमकर आतिशबाज़ी की और डीजे की धुन पर नाचते-थिरकते नजर आए। उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं की तालियों और नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। वहीं शुक्रवार को ठकुरगंज में महिलाओं और युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोग जश्न में शामिल हुए।

सबसे चर्चित सीटों में शामिल रही ठकुरगंज

ठकुरगंज विधानसभा सीट इस बार बिहार चुनाव 2025 की सबसे चर्चित सीटों में शामिल रही। पूरे बिहार में सबसे अधिक प्रतिशत मतदान इसी क्षेत्र में हुआ।
यहाँ का मुकाबला केवल एक सामान्य चुनाव नहीं था, बल्कि दो दशकों में बने जनसंपर्क, राजनीतिक अनुभव और पूर्व विधायक कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों की परीक्षा थी।
इस परीक्षा में जदयू प्रत्याशी गोपाल कुमार अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और विधानसभा में अपनी मजबूत वापसी दर्ज कराई।
जीत के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया के लिए प्रशासन और सुरक्षा बलों की भूमिका की भी सराहना की।

अपने संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में उनका फोकस सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सुधार और रोजगार सृजन जैसे मुद्दों पर रहेगा। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि ठकुरगंज के सुदूर ग्रामीण इलाकों में विकास की गति बढ़ाना उनकी प्राथमिकता होगी।

कार्यकर्ताओं ने इस जीत को एनडीए की एकजुटता और जनता के समर्थन का परिणाम बताया

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास और विश्वास की जीत है।
साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री गोपाल कुमार अग्रवाल क्षेत्र के मुद्दों — सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार — पर प्राथमिकता से काम करेंगे।

मुख्य पार्षद नगर पंचायत सिकंदर पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्य पार्षद देवकी अग्रवाल, भाजपा नेता सह वार्ड पार्षद अमित सिन्हा, भाजपा नेता अनिल महाराज ने इस जीत को एनडीए की एकजुटता और जनता के समर्थन का परिणाम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *