राहुल कुमार, सारस न्यूज, किशनगंज।
सदर थाना क्षेत्र के सुभाषपल्ली चौक के पास शनिवार को एक महिला से सोने के जेवरात की ठगी की घटना घटी। मामले में पीड़ित महिला के पति सुदीप्तो दास के आवेदन पर शनिवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने घर की ओर जा रही थी। तभी सुभाषपल्ली चौक के पास अचानक दो व्यक्ति आए। दोनों व्यक्तियों ने महिला से कुछ अशुभ बातें कहनी शुरू कर दीं। यह सुनकर महिला घबरा गई। दोनों व्यक्तियों ने महिला को अपनी बातों में फंसा लिया और कहा कि उसके घर में कुछ समस्या है। समाधान चाहती हैं तो एक मंत्र पढ़ना होगा। इसके बाद कहा गया कि सभी धातु निकालनी होगी। इतने में महिला ने अपने गले से सोने की चेन, दो बाला और एक अंगूठी निकालकर बैग में रखकर उन्हें दे दी। जैसे ही महिला पीछे मुड़ी, दोनों व्यक्ति जेवरात लेकर फरार हो गए।
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि ठगी के मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है।
