• Sun. Dec 7th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

एसएसबी की 52वीं वाहिनी को स्थायी ठिकाना देने की दिशा में बड़ा कदम, हरियाबाड़ा में हुआ भूमि पूजन।

सारस न्यूज़, अररिया।

अररिया जिले में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 52वीं वाहिनी के स्थायी परिसर के निर्माण की दिशा में शुक्रवार को एक अहम पहल की गई। हरियाबाड़ा स्थित प्रस्तावित नई लोकेशन पर अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों के लिए बनाये जाने वाले आवासीय एवं प्रशासनिक भवनों के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारम्भ भूमि पूजन के साथ किया गया।

इस शुभ अवसर पर सशस्त्र सीमा बल, क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के उप महानिरीक्षक श्री राजेश टिक्कू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कराई। जानकारी के अनुसार प्रस्तावित परिसर के लिए कुल 42 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है, जिस पर आने वाले समय में स्थायी भवनों का निर्माण किया जाएगा।

यह संपूर्ण निर्माण कार्य केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) द्वारा कराया जाएगा। भविष्य में इस परिसर में प्रशासनिक भवन, अधिकारियों और जवानों के लिए आवासीय कॉलोनी, प्रशिक्षण केंद्र सहित अन्य आवश्यक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। सभी भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होंगे, जिससे सीमा क्षेत्र में तैनात बल के कार्य संचालन में और मजबूती आएगी।

भूमि पूजन के पश्चात उपस्थित अधिकारियों ने निर्माण स्थल का जायजा लिया और आगामी निर्माण कार्यों की विस्तृत रूपरेखा पर विचार-विमर्श भी किया। इस मौके पर कमांडेंट श्री महेंद्र प्रताप, उप कमांडेंट श्री उदय कुमार, उप कमांडेंट श्री जोशी सागर प्रदीप, वरिष्ठ अभियंता श्री बसंत नारायण सहित कई अन्य अधिकारी एवं बल के जवान मौजूद रहे।

इस निर्माण से न केवल जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि सीमा सुरक्षा व्यवस्था को भी नया बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *