• Tue. Mar 3rd, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

बिजली बिल भुगतान पर बचत और लाभ: समय पर भुगतान से बढ़ेगी बचत, सहज होंगी उपभोक्ता सेवाएँ।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

ऊर्जा विभाग ने सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान कर न केवल अपनी जिम्मेदारी निभाएँ, बल्कि आर्थिक रूप से भी लाभ उठाएँ। नियमित रूप से भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को कई प्रकार की छूट और रियायतें दी जा रही हैं, जिससे मासिक खर्च और बिजली उपयोग दोनों में संतुलन बनाए रखना आसान हो जाता है।

विभाग द्वारा बताया गया कि समय पर भुगतान से न केवल उपभोक्ताओं को वित्तीय लाभ मिलता है, बल्कि निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित होती है।

समय पर भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को मिलने वाली विशेष सुविधाएँ इस प्रकार हैं—

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट की दर से ऊर्जा शुल्क में अतिरिक्त छूट दी जा रही है। स्मार्ट मीटर में लगातार तीन महीने तक 2000 रुपये से अधिक बैलेंस रखने पर रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित बैंक दर के अनुसार ब्याज दिया जाएगा। ससमय विद्युत बिल भुगतान करने पर 1.5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। ऑनलाइन माध्यम से ससमय भुगतान करने पर 1 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट का लाभ दिया जाएगा। वहीं ग्रामीण उपभोक्ताओं द्वारा एक तिमाही के सभी विद्युत विपत्रों का ससमय भुगतान करने पर 1 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट का प्रावधान है।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल ऐप के माध्यम से बिल भुगतान सबसे सरल और तेज़ विकल्प बताया गया है। ‘सुविधा ऐप’ के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे रिचार्ज, बिजली खपत और बैलेंस की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

ऊर्जा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर अपनाएँ और समय पर बिजली बिल का भुगतान कर निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ उठाएँ। इससे न केवल बिजली प्रबंधन बेहतर होगा, बल्कि उपभोक्ताओं की आर्थिक बचत भी सुनिश्चित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *