• Wed. Mar 4th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

गायत्री महायज्ञ के द्वितीय दिवस पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन।

राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।

युगतीर्थ शांतिकुंज, हरिद्वार के मार्गदर्शन में दिघलबैंक प्रखंड के तुलसिया में आयोजित 24 कुण्डीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ के द्वितीय दिवस पर प्रातःकाल से ही यज्ञ स्थल पर स्थानीय एवं आसपास के गाँवों सहित पूरे प्रखंड से बड़ी संख्या में गायत्री परिजन देवपूजन एवं हवन–यज्ञ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

देवपूजन में 24 दंपत्ति, देव कन्याएँ, युवा तथा महिलाओं–पुरुषों सहित गायत्री परिवार के सैकड़ों सदस्य शामिल हुए। वहीं हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने हवन–यज्ञ कर अपनी आहुति यज्ञ भगवान को समर्पित की।

देवमंच से शांतिकुंज, हरिद्वार से आए टोली नायक राम तपस्या आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि यज्ञ एवं हवन से विश्व का कल्याण होता है। बुधवार को वैदिक मंत्रों के साथ हवन–पूजन का शुभारंभ हुआ। जन-शताब्दी वर्ष पर आयोजित यह गायत्री महायज्ञ विश्व शांति, पर्यावरण शुद्धि, राष्ट्र जागरण तथा मनुष्य में देवत्व के उदय के उद्देश्य से किया जा रहा है।

इस महायज्ञ में दर्जनों गाँवों के श्रद्धालु पहुँचकर इसका लाभ उठा रहे हैं। यजमानों ने 33 कोटि देव शक्तियों का आह्वान कर आत्म तथा विश्व कल्याण के लिए गायत्री महामंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की आहुतियाँ हवन कुण्ड में समर्पित कीं। उन्होंने कहा कि यज्ञ ही जीवन का आधार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *