राहुल कुमार, सारस न्यूज़, किशनगंज।
भारत-नेपाल बॉर्डर पर शुक्रवार को एसएसबी की एफ कंपनी दिघलबैंक और नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स द्वारा सीमा स्तंभ संख्या 134 से 134/1 तक संयुक्त गश्त किया गया। गश्त के बाद दोनों देशों की सुरक्षा बलों ने सीमा स्तंभ संख्या 134/1 पर समन्वय बैठक (कॉर्डिनेशन मीटिंग) आयोजित की, जिसमें सीमा सुरक्षा को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
मीटिंग में नेपाल क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से बातचीत की गई। साथ ही सीमा पर होने वाली अवैध तस्करी, मानव तस्करी, ड्रग्स ट्रैफिकिंग और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संयुक्त प्रयास तेज करने पर सहमति बनी।
दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने निर्णय लिया कि सीमा क्षेत्र में दिखने वाले संदिग्ध विदेशी नागरिकों की जानकारी तत्काल एक-दूसरे के साथ साझा की जाएगी, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही सीमा के दोनों ओर शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने तथा असामाजिक एवं देशविरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने पर भी बल दिया गया।
