• Sat. Dec 27th, 2025

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

ठाकुरगंज में जदयू प्रारंभिक सदस्यता अभियान एवं कार्यकर्ता आभार समारोह को लेकर बनाई गई रणनीति।

सारस न्यूज़, किशनगंज।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) द्वारा ठाकुरगंज में प्रारंभिक सदस्यता अभियान एवं आगामी जिला स्तरीय कार्यकर्ता आभार समारोह को सफल बनाने के उद्देश्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जदयू जिला उपाध्यक्ष अहमद हुसैन ने की।

बैठक में जदयू के प्रारंभिक सदस्यता अभियान की रूपरेखा तैयार की गई तथा 02 जनवरी को ठाकुरगंज में प्रस्तावित जिला स्तरीय कार्यकर्ता आभार समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जदयू जिला उपाध्यक्ष अहमद हुसैन ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी को मिली अप्रत्याशित सफलता के पीछे जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण रहा है, जिन्हें सम्मानित करने के लिए यह आभार समारोह आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उक्त समारोह में जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री लेशी सिंह, पूर्व मंत्री सह बिहार राज्य उर्दू परामर्शदातृ समिति के अध्यक्ष नौशाद आलम, स्थानीय विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र में 50 हजार नए प्रारंभिक सदस्य बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस दौरान सदस्यता अभियान समिति के उपाध्यक्ष बीरेंद्र प्रसाद सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों, सरकार की उपलब्धियों एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अंत में बैठक में मौजूद सदस्यता अभियान के प्रखंड महासचिव मंसूर आलम ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता से ही सदस्यता अभियान सफल होगा, वहीं आगामी जिला स्तरीय कार्यकर्ता आभार समारोह भी जदयू की संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बनेगा।

इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष नजरुल हक, जदयू नगर अध्यक्ष ठाकुरगंज नसीम खान, नगर अध्यक्ष पौआखाली हबीबुर्रहमान, सिराजुद्दीन, श्रवण सिंह, उमाकांत गोस्वामी, संजय यादवेंदु, भूरेन सिंह, मुकरन सिंह, मो. फिरोज, मुखिया निर्मल गणेश सहित बड़ी संख्या में जदयू के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *