• Mon. Jan 12th, 2026

Saaras News - सारस न्यूज़ - चुन - चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

सीमा पर एसएसबी–पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 278 किलो गांजा जब्त।

सारस न्यूज, अररिया।

भारत–नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और कुआरी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

प्राप्त आसूचना के अनुसार, सीमा स्तंभ संख्या 169 से 169/1 के बीच शाम के समय गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर एसएसबी लैलोखर की विशेष नाका पार्टी एवं पुलिस थाना कुआरी के उप निरीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में संयुक्त रूप से नाकाबंदी की गई। यह कार्रवाई सहायक कमांडेंट मोहित भार्गव के आदेश पर, निरीक्षक (सामान्य) बिस्वानाथ घोष के नेतृत्व में की गई।

रात्रि लगभग 22:15 बजे, अंधेरा एवं घने कोहरे के कारण दृश्यता कम थी। इसी दौरान नाका दल को कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनाई दी। जब नाका पार्टी ने उस दिशा में बढ़कर जांच की तो देखा गया कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति सिर पर सामान रखे भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे। नाका दल को देखकर तस्कर अपना सामान छोड़कर अंधेरे और कोहरे का लाभ उठाते हुए नेपाल की ओर भाग गए।

नाका पार्टी द्वारा मौके पर छोड़े गए सफेद बोरों की जांच की गई। यह स्थान सीमा स्तंभ 169/1 से लगभग 800 मीटर पूर्व, नो मेंस लैंड से करीब 6 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर स्थित था। बोरों को खोलने पर गांजा जैसा पदार्थ पाया गया। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर परिणाम पॉजिटिव आया।

क्षेत्र की तलाशी के दौरान कुल 9 प्लास्टिक बोरे बरामद किए गए, जिनमें कुल 278 किलोग्राम गांजा पाया गया। उस समय स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं होने के कारण नाका दल के दो कार्मिकों को गवाह बनाकर जब्ती सूची एवं पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद जब्त सामग्री को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु पुलिस थाना कुआरी को सुपुर्द कर दिया गया।

इस सफल कार्रवाई में एसएसबी के निरीक्षक बिस्वास घोष, उप निरीक्षक हिमांशु रस्तोगी, मुख्य आरक्षी कृष्णा लकरा एवं पूरन लाल, आरक्षी बलवीर सिंह, घीसा लाल दरोगा, विवेक कुमार सिंह तथा कुआरी थाना पुलिस के एसआई प्रेम प्रकाश, आरक्षी रोहित कुमार और मिथुन कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *