Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

मां की ममता ने 06 साल से खोये पुत्र की खोजबीन कराकर उसे ढूंढ निकाला, अररिया नप के नगर पार्षद का अहम योगदान।

सारस न्यूज़, अररिया।

पत्नी ने पति को मृत मान कर ली दूसरी शादी, अब 06 साल बाद लौट आया है पति


मां की ममता ही है, जो 06 साल बाद भी अपने लापता पुत्र की खोजबीन कराकर गुजरात से बरामद कर लिया है और साथ ही शनिवार को लापता पुत्र गुजरात से अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन तक पहुंच पाया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को 06 साल से लापता युवक को गुजरात से ढूंढ निकाला गया है। इसमें अररिया नप वार्ड संख्या 25 के नगर पार्षद आबिद हुसैन अंसारी का अहम योगदान रहा है। युवक के इतने दिन लापता रहने पर उसकी पत्नी ने पति को मृत मानकर दूसरी शादी भी कर ली है। बताया गया कि एक हादसे में मानसिक संतुलन खोने के बाद फारबिसगंज थाना क्षेत्र का भजनपुर निवासी 45 वर्षीय सज्जाद अंसारी लापता हो गया था। तीन बच्चों के पिता मो सज्जाद को ढूंढने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थक-हार कर लापता युवक की पत्नी ने भी दूसरी शादी कर ली। लेकिन मां की ममता ने हार नही मानी। वह अपने बेटे की तलाश में जुटी रही। खोजबीन के दौरान बीते दिनों कांग्रेस नेता सह अररिया नगर परिषद वार्ड संख्या 25 के नगर पार्षद आबिद हुसैन अंसारी को लापता युवक की माता ने अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद नगर पार्षद आबिद हुसैन अंसारी ने लापता युवक मो सज्जाद को ढूंढने की कोशिश शुरू कर दी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उनके अथक प्रयास और गुजरात की संस्था “अपना घर आश्रम उमता गुजरात” के सदस्यों के प्रयास से लापता युवक मो सज्जाद को ढूंढ निकाला गया। अपने खोये पुत्र को अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते देखकर बूढ़ी गरीब मां और भाई-बहनों के खुशी का ठिकाना नहीं रहा। खोये युवक के परिजनों ने नगर पार्षद आबिद हुसैन का खासा आभार जताते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *