Saaras News – सारस न्यूज़ – चुन – चुन के हर खबर, ताकि आप न रहें बेखबर

यातायात थाना का हुआ उद्घाटन, सड़क हादसों में कमी आने की संभावना – एसपी, अररिया।

राहुल सिंह, सारस न्यूज, अररिया।

जिला मुख्यालय अंतर्गत जीरो माइल स्थित पेट्रोल पंप के सामने एसपी अशोक कुमार सिंह द्वारा बुधवार 01 नवंबर को नवसृजित यातायात थाना का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन एसपी ने फीता काटकर किया। इस मौके पर जिले के सदर एसडीओ रामपुकार सिंह, फारबिसगंज एसडीपीओ खुशरू सिराज, मुख्यालय डीएसपी फकरे आलम, नगर थानाध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे। यातायात थाना के सर्वप्रथम नये बनाये गये थानाध्यक्ष एसआई जटाशंकर खां हैं। उद्घाटन के बाद एसपी ने पुलिसकर्मियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने पर जोर दिया। वहीं उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यातायात थाना शुरू होने से जिले के सड़क हादसों में कमी आने की संभावना है। इसके लिए जागरूकता अभियान के साथ-साथ कार्रवाई भी की जायेगी।

साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में यदि कहीं भी एक्सीडेंट की घटना में 02 लोगों से अधिक की मौत होती है तो उसका यातायात थाने में ही प्राथमिकी दर्ज किया जायेगा। वहीं एसपी के निर्देश पर यातायात थाने का मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया गया है। एसपी ने बताया कि शहर में कहीं भी जाम की समस्या या सड़क दुर्घटना होने पर यातायात थाना के 9122049735 मोबाइल संख्या पर लोगों द्वारा फोन कर जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि आज पूरे बिहार में नये यातायात थाना का शुभारंभ किया गया है। इसी कड़ी में बुधवार 01 नवंबर को जिला मुख्यालय में भी नये थाना का शुभारंभ किया गया है। जिले में वाहन चालकों को संकेतों व सड़क पर सुरक्षित चलने के प्रति प्रेरित किया जायेगा। ट्रैफिक नियम मुताबिक लोगों से वाहन चलाने की अपील भी की जायेगी। वहीं ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले लोगों पर भी कार्रवाई करने की बात कही गई है। इसके अलावा यातायात पुलिस की ओर से लोगों को नियमों के प्रति पूर्व से ही जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यातायात थाने का उत्तरदायित्व जिले की ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करना व जिले में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकना होगा। मौके पर दर्जनों पुलिस अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *